यमुनानगर .नगर निगम के वार्ड नंबर सात में शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का मेयर सुमन बहमनी ने शिलान्यास किया। पहला शिलान्यास सेक्टर 17 में 43.45 लाख की लागत से डाली जाने वाली स्टॉर्म वाटर लाइन का किया गया। सेक्टर में स्टॉर्म वाटर लाइन डलने से पानी की निकासी की समस्या से निजात मिलेगी। दूसरा शिलान्यास सेक्टर 18 के सामुदायिक केंद्र के नवीनीकरण व रखरखाव का किया। इस कार्य से सामुदायिक केंद्र की सुंदरता बढ़ेगी और बैठने की बेहतर व्यवस्था होगी। मेयर ने भाजयुमो जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी व वार्ड पार्षद प्रियांक शर्मा की उपस्थिति में नारियल फोड़ दोनों विकास कार्यों का शुभारंभ कराया। जल्द ही दोनों विकास कार्य पूरे होंगे। जिससे क्षेत्रवासियों को लाभ होगा।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि सेक्टर-17 में वर्षों से जलभराव की समस्या का समाधान अब संभव होने जा रहा है। इस क्षेत्र में 43.45 लाख की लागत से स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। यह परियोजना न केवल जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करेगी, बल्कि सड़कें भी लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ बनी रहेंगी। इसके अलावा सेक्टर-18 जगाधरी स्थित पुराने सामुदायिक केंद्र की हालत को देखते हुए इसके नवीनीकरण व रखरखाव का कार्य किया जाएगा। नगर निगम इस विकास कार्य पर 17.12 लाख रुपये खर्च करेगा। इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को सामूहिक आयोजनों, बैठकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर एवं सुसज्जित स्थल उपलब्ध होगा।मेयर सुमन बहमनी ने अपने संबोधन में कहा कि विकास कार्यों की प्राथमिकता के साथ हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। सेक्टर-17 में जलनिकासी की समस्या लम्बे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण थी, और आज हमने उस समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वहीं सेक्टर-18 का सामुदायिक केंद्र अब आधुनिक स्वरूप में नागरिकों की सेवा करेगा।
मेयर ने आगे कहा कि नगर निगम का उद्देश्य है कि हर नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित और सुसज्जित वातावरण मिले। हम वार्ड पार्षदों के सहयोग से जनहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद प्रियांक शर्मा ने मेयर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी, निगम अधिकारियों व स्थानीय नागरिकों का आभार जताया और कहा कि यह कार्य क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी ने कहा कि भाजपा की सरकार और स्थानीय निकाय मिलकर जमीनी स्तर पर विकास को मजबूती दे रहे हैं। पारदर्शिता और गुणवत्ता हमारी प्राथमिकता है। इन दोनों परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी शहर के सभी वार्डों में समुचित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यह कदम क्षेत्रवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और मूलभूत सुविधाएं सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। मौके पर दीपक शर्मा, पीयूष गोगियान, कुनाल शर्मा, पूनम अग्रवाल, रंजू वालिया, पवन शर्मा, सुदेश कंबोज, जेएन कश्यप, जतिन शर्मा, सुनीता शर्मा, कैप्टन दिनेश शर्मा, शिव दर्शन, सुधीर वर्मा, धर्मवीर कंबोज, कामना राणा, गिरीश शास्त्री, श्रीकांत शर्मा, सुशील, पवन कंबोज आदि मौजूद रहें।



