चंडीगढ़। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर व सीडब्ल्यूसी सदस्य विजय इंदर सिंगला ने सोमवार को कैंट कांग्रेस भवन में संगठन सृजन अभियान के तहत मीटिंग की। इस मीटिंग के काफी संख्या में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ सहित महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिंदाबाद के नारे भी लगाए जिससे पूरा कांग्रेस भवन गूंज उठा था।
इस मीटिंग में विजय इंदर सिंगला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के खिलाफ जाकर गद्दारी की है, ऐसे गद्दारों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। गद्दारी करने वालों को अब पार्टी से कई-कई साल के लिए निष्काषित किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी द्वारा गुजरात मॉडल की तर्ज पर हरियाणा में संगठन सृजन अभियान की शुरूआत की गई है। 11 साल बाद हरियाणा को मिलने वाले नए संगठन में पार्टी के वफादारों को तरजीह दी जाएगी। इसमें 35 साल से लेकर 55 साल तक के कार्यकर्ता आवेदन कर सकते है। पार्टी द्वारा केवल उन्हें ही चुना जाएगा जिन्होंने वफादारी के साथ पार्टी के लिए काम किया है। इसलिए संगठन में सच्चे कांग्रेसियों को जगह मिलेगी। सिंगला ने कहा कि खुद राहुल गांधी संगठन बनाने के अभियान का नेतृत्व कर रहे है और इसमें किसी तरह का कोई पर्दा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि संगठन बनने के बाद कांग्रेस पहले से मजबूत होगी और बूथ से लेकर मंडल व जिलास्तर तक लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का काम किया जाएगा। इस मीटिंग में सह-प्रभारी गौरव संपत सिंह भी मौजूद रहे जिन्होंने संगठन को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यकर्ताओं में भी अब संगठन का हिस्सा बनने के लिए एक नया जोश दिख रहा है।
पार्टी का आदेश सभी को मंजूर होगा
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नियुुक्त हुए आब्जर्वर परविंद्र सिंह परी ने कहा कि आने वाले 1 महीने के अंदर-अंदर 11 साल बाद कांग्रेस का संगठन बनने जा रहा है। इसलिए कार्यकर्ताओं में भी जोश है। परी ने कहा कि कार्यकर्ताओं में कोई गुटबाजी नहीं है और सभी एक मंच पर एक साथ है। पार्टी जिसे भी संगठन का हिस्सा बनाएगी, वह आदेश सभी को मंजूर होगा। लेकिन संगठन में पार्टी के खिलाफ जाने वालों को कोई स्थान नहीं मिलेगा बल्कि पार्टी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा रही है। परी ने कहा कि जल्द से जल्द ब्लॉक प्रधान,वार्ड प्रधान व बूथ प्रधान की भी नियुक्ति होगी ।इस मौके पर मीटिंग में कांग्रेसी नेता अशोक जैन, वेणू अग्रवाल, अंजली बंसल, नीलम शर्मा, राजीव सूद,संजीव राणा, मनीष राणा हरविंद्र हैरी, सतीश कनौजिया, शशि पासी, अशोक दुआ ,घनशाम दास,मस्तराम,राजेश,पंकज शर्मा,विजय पप्पल, सलिंदर दविंदर चोहान,भूपिंदर अत्री सहित अन्य भी मौजूद रहे।