अम्बाला/चंडीगढ़, 04 जुलाई। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि नारायणगढ़ रोड पर स्थित अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों को अम्बाला छावनी फीडर से बिजली आपूर्ति होगी। कई गांवों में अभी अम्बाला शहर से बिजली आपूर्ति हो रही है जोकि अब अम्बाला छावनी के बब्याल सब स्टेशन से जुड़ेंगे। बिजली शिकायत से संबंधित लोगों की सुविधा हेतु गांव गरनाला में पहले से ही निर्धारित बिजली शिकायत केंद्र जल्द आप्रेशनल किया जाएगा। विज अपने आवास पर जन समस्याएं सुनने के दौरान पंजोखरा साहिब व अन्य गांव से आए लोगों को यह जानकारी दे रहे थे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले इसके लिए कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नारायणगढ़ रोड पर अम्बाला छावनी विधानसभा के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति अम्बाला छावनी सब स्टेशन से की जाएगी। उन्होंने बताया कि लोगों की बिजली की समस्या हेतु कोई दिक्कत न आए इसके लिए गांव गरनाला में नया शिकायत केंद्र स्थापित किया जा रहा है। यहां लोग अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे। यह शिकायत केंद्र जल्द ही आप्रेशनल होगा।
इस दौरान पंजोखरा साहिब व अन्य गांवों से आए लोगों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को बिजली से जुड़ी समस्या से अवगत कराया जिसे हल करने के निर्देश मंत्री अनिल विज ने मौके पर मौजूद बिजली अधिकारियों को दिए।
अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में बनेगी महिला चौपाल : कैबिनेट मंत्री अनिल विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में महिला चौपाल बनाई जाएगी जहां महिलाएं एक साथ बैठ गतिविधियां कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि महिला चौपाल महिला सांस्कृतिक केंद्र होगा जहां वह बैठ कर भजन, कीर्तन व अन्य कार्य कर सकेंगी। इसके लिए हर चौपाल में हारमोनियम, ढोलक व अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने जनसमस्याओं को सुन अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने आज अपने आवास पर अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए। हिम्मतपुरा व अन्य स्थानों से आए लोगों ने शिकायत दी कि उन्हें एक स्थान पर विशेष धर्म की फिल्म दिखाकर धर्म परिवर्तन की कोशिश की गई। मंत्री विज ने इस मामले में पड़ाव थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह गणेश विहार से आई महिला ने बिजली कर्मियों व अन्य लोगों द्वारा उसे अपशब्द कहे जाने की शिकायत दी जिस पर मंत्री अनिल विज ने महेशनगर थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मच्छौंडा निवासियों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग कि जिसपर मंत्री अनिल विज ने मौके पर ही मौजूद बिजली अधिकारियों को तुरंत इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य शिकायतों पर भी मंत्री अनिल विज ने संबंधित विभाग के कार्रवाई को निर्देश दिए।
सैनी सभा अम्बाला छावनी ने मंत्री अनिल विज को सम्मानित किया
कैबिनेट मंत्री अनिल विज के आवास पर आज नव गठित सैनी सभा अम्बाला छावनी के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात करते हुए उन्हें सम्मानित किया। सभा पदाधिकारियों ने बताया कि सभा का का कुछ दिन पहले ही पंजीकरण हुआ है। सभा सदस्यों ने मंत्री विज से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर सभा से फकीरचंद सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



