हमारी हवा, पानी, ऑक्सीजन कार्यकर्ता है – मंत्री अनिल विज

चंडीगढ़/अम्बाला, 10 अगस्त- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में 13 अगस्त को पूरे जोरशोर के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी जिसमें कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर शामिल होंगे।

तिरंगा यात्रा प्रात: 11 बजे अग्रवाल धर्मशाला से प्रारंभ होगी जोकि रेलवे रोड, सदर चौक, सब्जी मंडी, पुल चमेली, केसरा बाजार, कबाड़ी बाजार, राजकीय कालेज से होती हुई वापस अग्रवाल धर्मशाला पर संपन्न होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोग इस तिरंगा यात्रा में शामिल हो इसलिए पूरी ताकत से लोगों को लेकर आना है। तिरंगा यात्रा जोरशोर से निकाली जाएगी और सभी ने पूरी यात्रा में अंत तक साथ चलना है।

विज आज स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर भाजपा द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के तैयारी को लेकर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं को लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त हमें स्वतंत्रता मिली थी इसलिए यह दिन महत्वपूर्ण है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर संगठन द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। 13 अगस्त को अम्बाला छावनी में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी ताकि क्षेत्र का वातावरण राष्ट्रीयता की भावना से सराबोर हो जाए। हम पूरी ताकत से 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालेंगे। पार्टी के आदेशानुसार आगामी दिनों में संगठन के कार्यक्रम तय किए गए है और आज जितनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आए है उससे हमारा हौंसला और भी बढ़ जाता है। हमारी हवा, पानी, ऑक्सीजन कार्यकर्ता है और इसी ऑक्सीजन के कारण हम सुबह से शाम तक कार्य करने की हिम्मत जुटा पाते हैं।

“हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तहत अपने घर के सबसे ऊंचे स्थान पर तिरंगा लगाए : कैबिनेट मंत्री अनिल विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम भी किया जाना है और अपने घर के सबसे ऊंचे स्थान पर तिरंगा लगाया जाए। उन्होंने कहा गली-मोहल्लों में पार्टी कार्यकर्ता सभी घरों में तिरंगा लगाने का आह्वान करें। उन्होंने यह भी बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माननीय राज्यपाल अम्बाला में आ रहे हैं और इस कर्यक्रम में भी कार्यकर्ता बढ़चढ़कर इसमें हिस्सा लें। पार्टी द्वारा हर वर्ष की भांति सुभाष पार्क के समक्ष तिरंगा फहराया जाएगा और इस बार नगर परिषद की अध्यक्ष तिरंगा फहराएगी। मंत्री अनिल विज ने बताया 17 अगस्त को पौधरोपण कार्यक्रम गांधी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा जिसमें सभी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस कार्यक्रम को “एक पेड़ मां के नाम” का नाम दिया है।

सारे देश में 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति” के तौर पर मनाया जाएगा : मंत्री अनिल विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि भाजपा की तरफ से विभाजन विभिषिका स्मृति कार्यक्रम सारे देश में 14 अगस्त को मनाया जाएगा। फरीदाबाद में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें अम्बाला छावनी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल होगा। उन्होंने कहा कांग्रेस ने भारत मां का सीना चीरते हुए इसे लहुलुहान कर दिया। बंटवारे के बाद लोग कई सालों तक तड़पते रहे, कईयों की जानें गई। यह सारा हत्याकांड कांग्रेस की नासमझी से हुआ। तब जवाहरलाल नेहरू को देश का प्रधानमंत्री बनने की जल्दी थी जबकि देश लहुलुहान हुआ पड़ा था। उस समय जिन नेताओं पर लोगों ने भरोसा जताया उन्होंने यह भरोसा तोड़ दिया।

लोगों को विश्वास था कि महात्मा गांधी देश का बंटवारा नहीं होने देंगे, मगर बंटवारा हुआ और लोगों को उनके भविष्य पर छोड़ दिया गया : कैबिनेट मंत्री अनिल विज

मंत्री अनिल विज ने कहा आजादी की लड़ाई के एजेंडे में कहीं नहीं लिखा था कि देश का बंटवारा हो। मगर देश बंटा जिसमें लाखों लोगों की जाने गई। यह बंटवारा धर्म के नाम पर हुआ। बंटवारे के प्रस्ताव पर कांग्रेस सदस्यों के हस्ताक्षर है। इन्होंने ही तब माना कि हिंदु और मुसलमान एक साथ नहीं रह सकते जिसके बाद देश का विभाजन हुआ। हालांकि महात्मा गांधी ने तब कहा था कि देश का बंटवारा उनकी लाश पर होगा, लोगों को तब महात्मा गांधी जी पर विश्वास था, तब बंटवारे की अफवाहे उड़ रही थी, लोगों को विश्वास था कि महात्मा गांधी बंटवारा नहीं होने देंगे। मगर बंटवारा हुआ और लोगों को उनके भविष्य पर छोड़ दिया गया। तब कांग्रेस पार्टी ने बंटवारे की कोई योजना नहीं बनाई। बंटवारा होते ही देश में दंगे फैल गए, महिलाओं से ज्यातियां हुई और लगभग 10 लाख लोगों की जान इस बंटवारे में गई।

भाजपा पार्टी के लिए हम मर मिट जाएंगे मगर किसी को पार्टी तोड़ने नहीं देंगे : मंत्री अनिल विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में संगठन को तोड़ने के लिए कुछ लोग शरारत कर रहे हैं मगर पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने उत्तेजित न होते हुए इसका कोई जवाब नहीं देना है। हमने केवल पार्टी का काम करना है तथा अपना संतुलन बनाते हुए विरोधियों को कामयाब नहीं होने देना है। हमने इंतजार करना है क्योंकि समय सभी चीज का हिसाब करता है। हमें अपनी ताकत पर विश्वास व भरोसा है, कई आए और कई चले गए, लेकिन हमें कोई तोड़ नहीं सका और न ही कोई तोड़ पाएगा। भाजपा पार्टी के लिए हम मर मिट जाएंगे मगर किसी को पार्टी तोड़ने नहीं देंगे। हमने अपनी एकता को बनाए रखना है।  

Ambala Dastak

सम्पादक अवतार सिंह 82958-52222,98968-41919 छायाकार हरप्रीत सिंह 89295-91313,70156-34832

More From Author

राजस्थान का प्रसिद्ध गोगामेड़ी मेला हुआ शुरू, इस बार ये बेहतरीन इंतजाम

बिजली उपभोक्ताओं की हुई बल्ले-बल्ले, निगम ने किया ये बड़ा ऐलान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *