अंबाला छावनी (अवतार सिंह)हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज का ड्रीम प्रोजेक्ट नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी आज प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एक बड़ा केंद्र बन चुका है। यह अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर आमजन के लिए उम्मीद की नई किरण साबित हो रहा है।
अस्पताल की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें ओपीडी में दिखाई देती हैं। प्रतिदिन हजारों मरीज यहाँ उपचार के लिए पहुँचते हैं। यह अस्पताल न केवल इलाज के क्षेत्र में बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता के मामले में भी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड – सुविधाएं आमजन के लिए वरदान
नागरिक अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा सुबह से शाम तक उपलब्ध रहती है और उसके बाद भी जरूरत पड़ने पर ऑन कॉल सेवा मरीजों को दी जाती है। वहीं अल्ट्रासाउंड की सुविधा इतनी व्यापक है कि प्रतिदिन 150 से अधिक अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं, जो किसी भी प्राइवेट अस्पताल में संभव नहीं है। खास बात यह है कि जहाँ निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटर्स पर अल्ट्रासाउंड के हजारों रुपये वसूले जाते हैं, वहीं नागरिक अस्पताल में यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है।
पीपीपी मोड पर सीटी स्कैन और एमआरआई – बाजार से कम दरों पर इलाज
हरियाणा सरकार ने इस अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई सेंटर को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर शुरू किया है। इस पहल से मरीजों को बाज़ार की तुलना में बेहद कम दरों पर उच्च स्तरीय डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। यह सुविधा उन परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिनके लिए महंगे इलाज की व्यवस्था कर पाना मुश्किल होता है।
हार्ट सेंटर – जीवन बचाने वाला प्रयास
नागरिक अस्पताल का हार्ट सेंटर भी लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। यहाँ डॉक्टर संकल्प की देखरेख में सफल एंजियोप्लास्टी ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इस सुविधा से अब क्षेत्र के मरीजों को दूर-दराज़ के बड़े शहरों में भागने की आवश्यकता नहीं पड़ती, बल्कि उन्हें सस्ता और सुलभ इलाज अंबाला छावनी में ही मिल रहा है।
सिविल सर्जन का धन्यवाद संदेश
सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल तथा पीएमओ डॉक्टर पूजा पैंटल ने अस्पताल में मिल रही सभी अत्याधुनिक सुविधाओं और निरंतर हो रहे विकास कार्यों के लिए हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माननीय मंत्री की दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों से अंबाला छावनी का नागरिक अस्पताल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का आदर्श मॉडल बन चुका है।
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरता अस्पताल
लगभग करोड़ों की लागत से बना यह अस्पताल आज अपनी अत्याधुनिक सुविधाओं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से प्रतिदिन नए आयाम छू रहा है। जहाँ प्राइवेट अस्पतालों में इलाज का खर्च आमजन के लिए भारी बोझ बन जाता है, वहीं यहाँ सस्ती और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएँ जनता को सहज रूप से उपलब्ध हो रही हैं।
नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी, अनिल विज की मेहनत और दूरदृष्टि का साक्षात उदाहरण है, जिसने यह साबित कर दिया है कि सरकारी अस्पताल भी सेवाओं, सुविधाओं और भरोसे के मामले में किसी निजी संस्थान से पीछे नहीं हैं। यह अस्पताल आज आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का आधार स्तंभ और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बन चुका है।



