अम्बाला/चंडीगढ़, 15 फरवरी –महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री दुर्गा मंदिर समिति, रानी बाग द्वारा मंदिर परिसर को अत्यंत भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की मनमोहक सजावट तथा विशेष शिव अलंकरण ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रातःकाल से ही मंदिर में हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

समिति प्रधान अशोक गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि आज प्रातः 4:30 बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आगमन प्रारंभ हो गया था और लगभग दोपहर 12 बजे तक भगवान भोलेनाथ के भक्तों का निरंतर तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दूध का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे भक्तों ने अत्यंत श्रद्धा भाव से ग्रहण किया। मंदिर के मुख्य पुजारी सुरेश शांडिल्य व पुजारी रवि शर्मा ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न करवाई तथा सभी भक्तों को महाशिवरात्रि के महत्व से अवगत कराया।
समिति के सक्रिय सदस्यों दीपक अग्रवाल, सेवा सिंह, मधु, शील अरोड़ा, ललित पुरी एवं गौतम धीमान ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समिति प्रधान अशोक गोयल ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि इसी प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं आपसी भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है।
अंत में श्री दुर्गा मंदिर समिति, रानी बाग की ओर से समस्त श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।





