झज्जर जिले के गांव गोरिया की एक गली में 55 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शांत माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया, जब लोगों की नजर गली में पड़े शव पर पड़ी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार, जब लोग अपने कामकाज के लिए घरों से बाहर निकले, तो गली में पड़े शव को देखकर हर कोई सन्न रह गया। कुछ लोगों ने पास जाकर पहचान करने की कोशिश की, जिसके बाद पूरे गांव में खबर तेजी से फैल गई। घटना के बाद से गांव में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
मौत के कारणों का नहीं खुलासा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हवा सिंह पुत्र हीरालाल उम्र करीब 55 साल निवासी गांव गोरिया के रूप में हुई है। जैसे ही यह सूचना परिवार तक पहुंची, हर कोई हैरान था। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं और हर कोई मौत के कारणों को लेकर सवाल उठा रहा है।
शरीर पर चोटों के निशान
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान मौजूद हैं। इससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि यह साधारण मौत नहीं, बल्कि किसी हमले या झगड़े का नतीजा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच को प्राथमिकता दी है।
टीम ने आसपास के लोगों से की पूछताछ
सूचना मिलते ही साल्हावास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और संभावित साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। थाना प्रभारी ऋषिपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतक हवा सिंह अविवाहित था, जिससे परिवारिक स्थिति को लेकर भी कई पहलुओं पर चर्चा हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान मृतक के भाई के बच्चे भी नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन बना रहा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा। डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर ही यह साफ हो पाएगा कि मौत किन कारणों से हुई।
