अम्बाला छावनी(अवतार सिंह)-15 जुलाई 2026: अम्बाला छावनी के नागरिक अस्पताल में ‘विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस’ के अवसर पर एक विशेष चिकित्सा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अस्पताल की प्रधान चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. पूजा पैनाल की कुशल देखरेख और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन और चिकित्सा स्टाफ को प्लास्टिक सर्जरी के वास्तविक महत्व और इसके विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक करना था।

प्लास्टिक सर्जरी केवल सुंदरता बढ़ाने तक सीमित नहीं: डॉ. मयंक
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. मयंक ने प्लास्टिक सर्जरी की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि प्लास्टिक सर्जरी केवल कॉस्मेटिक या शारीरिक सुंदरता बढ़ाने तक ही सीमित नहीं है। यह चिकित्सा पद्धति गंभीर सड़क दुर्घटनाओं, जन्मजात विकृतियों (जैसे कटे हुए होंठ या तालू), आग से झुलसे मरीजों और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों के बाद इंसानी शरीर को दोबारा सामान्य रूप देने में एक संजीवनी की तरह काम करती है। यह मरीजों को एक बेहतर और सम्मानजनक जीवन जीने का माध्यम प्रदान करती है।

जटिल ऑपरेशनों की सफलता की केस स्टडीज कीं साझा
डॉ. मयंक ने अस्पताल परिसर में स्थित अटल कैंसर सेंटर में अपने द्वारा किए गए कई सफल और बेहद जटिल ऑपरेशनों के अनुभव साझा किए। उन्होंने केस स्टडीज के माध्यम से दिखाया कि किस प्रकार कैंसर के ऑपरेशन के बाद प्रभावित अंगों को ‘रीकंस्ट्रक्टिव’ (पुनर्निर्माण) प्लास्टिक सर्जरी के जरिए दोबारा सामान्य रूप और कार्यक्षमता प्रदान की गई। इस आधुनिक तकनीक से न केवल मरीजों के अंगों को बचाया जा सका, बल्कि उनका खोया हुआ आत्मविश्वास भी वापस लौट आया। इस विशेष अवसर पर डॉ. विनय गोयल, डॉ. पंकज सैनी, डॉ. रिद्धि गर्ग, डॉ. सुधा बजाज, डॉ. मोनिका, डॉ. पुनीत ढींगरा, सैनेटरी इन्स्पेक्टर जतिन यादव, क्लर्क कुलदीप कुमार, क्लर्क विशाल सैनी व अन्य नर्सिंग स्टाफ भी उपस्थित रहे।
