अंबाला में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: एडीसी ने दिए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट सुधार व नियम उल्लंघन पर कार्रवाई तेज

अंबाला, 30 मार्च-
अतिरिक्त उपायुक्त विराट ने कहा कि सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ प्रभावी रूप से कार्य करना होगा। अतिरिक्त उपायुक्त आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला सडक़ सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक के दौरान एजेंडे में रखे गए बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जमीनी स्तर पर ठोस प्रयास करना आवश्यक है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में एक्सीडेंट प्रोन एरिया/ब्लैक स्पॉट्स की पहचान एवं सुधार, रोड सेफ्टी ऑडिट, सडक़ों के पैच वर्क तथा अन्य संबंधित कार्यों और यातायात के नियमों की पालना करवाने बारें विस्तार से चर्चा की गई। इससे पहले अतिरिक्त उपायुक्त ने पिछली बैठक के तहत जिन बिंदुओं पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए गए थे उसकी भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जहां भी सडक़ों की मरम्मत या पैच वर्क की आवश्यकता है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाई जाए तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त विराट ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, थ्री राइडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग सहित अन्य ट्रेफिक नियमों के उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए सडक़ सुरक्षा से संबंधी जो भी कार्य है उन्हें संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है यातायात नियमों की पालना करके वह स्वयं सुरक्षित रह सकते है और दूसरों को भी सुरक्षित रख सकते हैं। इसके लिए हमें स्वयं यातायात नियमों की पालना करनी होगी।
बैठक में सडक़ों की मरम्मत, अवैध कट, अतिक्रमण हटाने, स्पीड ब्रेकर, हैजर्ड मार्कर, जैब्रा क्रॉसिंग, व्हाइटनिंग पट्टी आदि कार्यों को लेकर विभिन्न स्थानों पर किए जाने वाले कार्यों की एजेंडा अनुसार समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ-साथ संबंधित विभाग को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों बारें जागरूक करने भी निर्देश दिए गए। एजेंडे में अंबाला छावनी बस स्टैण्ड के पास के नजदीक रोड की मरम्मत कार्य, गीता नगरी में अंबाला शहर में रोड की मरम्मत, नजदीक गांव जलालपुर हैजर्ड मार्कर व एमसीबी कार्य, गांव माजरी के पास रोड पर स्पीड ब्रैकर, गांव खेडा के नजदीक रेड पर चेतावनी बोर्ड, सडक़ व गांव टपरियां के नजदीक रोड रिपेयर, मंढौर नारायणगढ रोड़, शिव मंदिर जगाधरी गेट अंबाला शहर रोड व खन्ना पैलेस के नजदीक इत्यादि रोड से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी कार्य शेष बचे हैं उन्हें भी प्राथमिकता से करना सुनिश्चित करें ताकि सडक दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बॉक्स:-पुलिस विभाग द्वारा अवगत करवाया गया कि फरवरी 2026 माह में यातायात नियमों के उल्लंघन के कुल 11,213 चालान किए गए, जिनमें बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, दोपहिया वाहन पर ट्रिपल सवारी, बिना लाइसेंस,  शराब पीकर वाहन चलाने, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं बिना सीट बेल्ट के मामले व इत्यादि शामिल हैं। इन चालानों के तहत 38 लाख 30 हजार 400 रुपए की राशि के चालान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ट्रासपोर्ट विभाग द्वारा ओवरलोडिंग करने वाले मालवाहक वाहनों के 198 चालान किए गए, जिन पर 91 लाख 14 हजार 100 रुपए की राशि के चालान जारी किए गए।
बैठक में आरटीए सुशील कुमार, एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम सतिंद्र सिवाच, एसडीएम शिवजीत भारती, डीएसपी विरेन्द्र सहित लोक निर्माण विभाग, पब्लिक हैल्थ, नगर निगम, एचएसवीपी, एनएचऐआई, पंचायत विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *