अम्बाला, 17 अप्रैल-हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने चण्डीगढ़ से आयोजित वीसी के माध्यम से 26 अप्रैल को हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से 8 जिलों में आयोजित होने वाली एचसीएस एवं एलाईड सर्विसिज की प्रारम्भिक लिखित परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ-साथ उन्होंने मई माह में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी के माध्यम से बताया कि यह दोनों परीक्षाएं अति महत्वपूर्ण हैं। इसलिए परीक्षाओं के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर रूपरेखा बनाते हुए कार्य करना है। परीक्षाओं को नकलरहित व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाना है। उन्होने यह भी कहा कि परीक्षाओं के दृष्टिगत जो हिदायतें जारी की गई हैं उनकी शत प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित होनी चाहिए। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होने यह भी कहा कि 26 अप्रैल को हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से दो चरणों में प्रारम्भिक लिखित परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा के लिए सम्बन्धित जिलों में नोडल ऑफिसर के साथ-साथ डिस्ट्रीक कोर्डिनेटर लगाना सुनिश्चित करें। इसके साथ-साथ परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर बिजली की निर्बाध व्यवस्था के साथ-साथ सभी सैंटरों पर मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध होनी चाहिए। परीक्षा के आयोजन से पहले परीक्षा के दृष्टिगत जो अधीक्षक एवं अन्य की डयूटी लगी है उन्हें परीक्षा के दृष्टिगत सभी जानकारी होनी चाहिए ताकि परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन हो सके।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि परीक्षा के दृष्टिगत लोक सेवा आयोग के माध्यम से एचसीएस एवं एलाईड सर्विसिज की प्रारम्भिक लिखित परीक्षा को लेकर जिला अम्बाला में 31 सैंटर बनाए गए हैं जिनमें से 13 अम्बाला छावनी में व 18 अम्बाला शहर में शामिल हैं। परीक्षा के दृष्टिगत लगभग 8712 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी के साथ-साथ डिस्ट्रीक कोर्डिनेटर भी लगा दिए गए हैं। वीसी के दौरान जो दिशा-निर्देश मिले हैं उसकी अनुपालना के तहत जिला अम्बाला में परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया जाएगा। उन्होने बताया कि 03 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर सात परीक्षा केन्द्र बनाए जाएंगे। परीक्षा के दृष्टिगत सभी तैयारियां दुरूस्त रहेंगी।
वीसी के उपरांत उपायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के तहत जो दिशा-निर्देश मिले हैं उनकी अनुपालना सुनिश्चित होनी चाहिए। परीक्षा को नकलरहित व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाना है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विराट, एसडीएम कनिका गोयल, एसडीएम दर्शन कुमार, आरटीए सुशील कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग, जीएम रोडवेज अश्वनी डोगरा, जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा, जिला खजाना अधिकारी सुनीता गोस्वामी के साथ-साथ सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।
