अम्बाला छावनी, 20 मई 2026 : – अंबाला कैंट स्थित नागरिक अस्पताल के क्षेत्रीय अटल कैंसर केयर सेंटर के डॉक्टरों ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा प्रणाली और विशेषज्ञता का लोहा मनवाया है। अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने एक 14 वर्षीय युवती का बेहद जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन कर उसे नया जीवन प्रदान किया है। डॉक्टरों के अनुसार, यह बीमारी इतनी दुर्लभ है कि दुनिया भर में एक लाख बच्चियों में से किसी एक बच्ची में ही देखने को मिलती है।
निजी अस्पतालों से नहीं मिला आराम, अटल कैंसर केयर सेंटर में हुई सटीक पहचान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित 14 वर्षीय युवती को नवंबर 2025 में अचानक पेट के साइड में तेज दर्द होना शुरू हुआ था। परिजनों ने उसे कई निजी अस्पतालों और डॉक्टरों के पास ले जाकर चेकअप करवाया और काफी इलाज कराया, लेकिन युवती की सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ और न ही बीमारी का सही कारण स्पष्ट हो सका। हर जगह से मायूस होने के बाद परिजन 22 अप्रैल को अंबाला कैंट के आधुनिक अटल कैंसर केयर सेंटर पहुंचे।
यहाँ युवती की मुलाकात वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मीनाक्षी राणा भूषण से हुई। डॉक्टर मीनाक्षी राणा भूषण ने पूरी संवेदनशीलता के साथ युवती की स्थिति को समझा और उसके सभी आधुनिक मेडिकल टेस्ट व गहन चेकअप किए। जांच रिपोर्ट में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ। डॉक्टर ने बताया कि युवती के जन्म से ही बच्चेदानी का मुंह (Cervix) नहीं था, जिसके कारण आंतरिक रूप से हो रही दिक्कतों की वजह से उसे लगातार पेट में असहनीय दर्द का सामना करना पड़ रहा था। चिकित्सा विज्ञान की भाषा में यह बेहद दुर्लभ मामलों की श्रेणी में आता है।
ढाई घंटे चला जटिल ऑपरेशन, डॉक्टरों की टीम को मिली बड़ी सफलता
बीमारी की सटीक पहचान होने के बाद डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए ऑपरेशन करने का फैसला लिया। इस बेहद पेचीदा और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम गठित की गई। डॉक्टर मीनाक्षी राणा भूषण के नेतृत्व में डॉक्टर अभिषेक भूषण, डॉक्टर वेद पाठक, डॉक्टर मोहित, नर्सिंग स्टाफ दिव्या और गुरविंदर की टीम ने मिलकर इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया।
यह बेहद संवेदनशील ऑपरेशन करीब ढाई घंटे तक चला। डॉक्टरों की टीम ने अपनी सूझबूझ और आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए ऑपरेशन को पूरी तरह सफल बनाया। अब युवती पूरी तरह स्वस्थ है और उसे दर्द से हमेशा के लिए निजात मिल गई है। इस सफल सर्जरी के बाद युवती के परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई है और उन्होंने डॉक्टरों का कोटि-कोटि धन्यवाद किया है।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज और पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल का जताया आभार
इस ऐतिहासिक सफलता पर अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज का विशेष आभार व्यक्त किया है। डॉक्टरों का कहना है कि कैबिनेट मंत्री अनिल विज के अथक प्रयासों और दूरदर्शी सोच के कारण ही अंबाला को इतना बेहतरीन मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और विश्व स्तरीय आधुनिक मशीनें मिल पाई हैं, जिनकी बदौलत आज सरकारी अस्पताल में भी ऐसे बड़े और जटिल ऑपरेशन मुमकिन हो पा रहे हैं। इसके साथ ही टीम ने अस्पताल की पीएमओ (PMO) डॉक्टर पूजा पेंटल का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिनके निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और सपोर्ट की वजह से पूरी टीम बिना किसी तनाव के इस बड़े मिशन को कामयाब कर सकी।
