शहजादपुर/नारायणगढ़/अम्बाला, 6 अप्रैल
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने आज शहजादपुर तथा नारायणगढ़ अनाज मंडियों का दौरा कर गेहूं व सरसों खरीद की व्यवस्थाओं एवं प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मार्केट कमेटी और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने मण्डी के आढतियों एवं किसानों से बातचीत की और उनकी समस्या के समाधान के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये।

उपायुक्त ने मंडी गेट पर बनाए गए किसान सहायता केंद्र और ऑनलाइन गेट पास प्रणाली का निरीक्षण किया तथा मार्केट कमेटी सचिवों को निर्देश दिए कि पीक सीजन को देखते हुए पर्याप्त मशीनें और कर्मचारी तैनात किए जाएं, ताकि किसानों को गेट पास लेने में कोई दिक्कत न आए। उन्होंने बिजली, पानी, सफाई, पेयजल, तौल, फसल सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रणाली सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि सरकार द्वारा 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि गेहूं की खरीद 2585 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों की खरीद 6200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में बिजली, पानी, सफाई, तौल, उठान और भुगतान से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने नारायणगढ़ मंडी में अटल श्रमिक किसान कैंटीन का निरीक्षण करते हुए कहा कि अटल कैंटीन के लिए एलपीजी गैस प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाई जाएगी। अटल कैंटीन में 10 रूपये में भोजन किसानों एवं श्रमिकों को उपलब्ध करवाया जाता है। आढ़तियों के अनुरोध पर उन्होंने मार्केट कमेटी चेयरमैन और सचिवों को लिफ्टिंग कार्य समय पर हो, इसके लिए ट्रांसपोर्टर के ट्रकों की फिजिकल वेरिफिकेशन करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर एसडीएम शिवजीत भारती ने बताया कि मंडियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
खरीद का विवरण
मार्केट कमेटी शहजादपुर के सचिव अफसर ने बताया कि अब तक मंडी एवं खरीद केन्द्र में 18,912 क्विंटल गेहूं की आमद हो चुकी है, जिनमें से 699 क्विंटल की खरीद की जा चुकी है।
मार्केट कमेटी नारायणगढ़ के सचिव अखिलेश शर्मा ने बताया कि नारायणगढ़ अनाज मंडी और इसके अंतर्गत आने वाले खरीद केंद्रों पर 10,501 क्विंटल गेहूं की आमद दर्ज हुई है तथा 1,711 क्विंटल की खरीद हो चुकी है। सरकारी मानकों के अनुसार 12 प्रतिशत तक नमी वाले गेहूं की ही खरीद की जा रही है। मंडी में बायोमेट्रिक प्रणाली से गेट पास जारी किए जा रहे हैं और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हैं।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी शहजादपुर के अध्यक्ष गोपाल मित्तल, नारायणगढ़ मार्केट कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र राणा कुराली, आढती ओपी चानना, मदन चानना सहित अन्य अधिकारी एवं आढ़ती तथा किसान उपस्थित रहे।
