अम्बाला छावनी, 23 मई। सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला छावनी में ‘एसडीयंस यादें’ पूर्व छात्र मिलन समारोह 2026 का उत्साहपूर्ण एवं भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा वर्तमान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंजीकरण एवं आपसी परिचय सत्र के साथ हुआ। इसके उपरांत डॉ. विजय शर्मा ने कार्यक्रम का परिचय प्रस्तुत किया तथा इस वर्ष दिवंगत हुए शिक्षकों एवं पूर्व विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ, कॉलेज की प्राचार्या डॉ अलका शर्मा ने सभी पूर्व विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वागत किया और कॉलेज की उपलब्धियों को साझा किया।
डॉ देश बंधु ने एस डी सी अंबाला कैंट एलुमनी एसोसिएशन के प्रधान रूप में सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया और उनका उत्साह वर्धन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष गरिमा एवं उल्लास प्रदान किया। एसडीयन दिनेश सेठी व रमित सालवान की मधुर गीत प्रस्तुति, एसडीयन डॉ. सुशील कंसल और हरिंदर सिंह के प्रभावशाली कविताएं, छात्रा दीपिका का मनमोहक एकल नृत्य तथा गुरशाह के गीत प्रस्तुति ने समाहरोह में उपस्थित सभी का भरपूर मनोरंजन किया और कार्यक्रम को आकर्षक, भावनात्मक एवं यादगार बना दिया।

पूर्व छात्र मिलन समारोह के दौरान कॉलेज के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। आजीवन उपलब्धि सम्मान से कॉलेज के सबसे वरिष्ठ पूर्व छात्र मधुसूदन टंडन जी को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त गुरु तेग बहादुर सिंह त्रिशताब्दी विश्वविद्यालय, गुरुग्राम के कुलपति प्रो. हेमंत वर्मा, चितकारा विश्वविद्यालय के हरिंदर लांबा, प्रख्यात लेखक एवं पूर्व उप-संपादक मनमोहन गुप्ता मोनी तथा एस.डी. विद्या स्कूल, अंबाला छावनी की प्राचार्या भावना भनोट को भी सम्मानित किया गया। कॉलेज के पूर्व छात्र, हरियाणा सरकार के परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज का विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा, संस्कार एवं पूर्व विद्यार्थियों की संस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित समूह को प्रेरित किया।
मंत्री जी ने इस अवसर पर एसोसिएशन को 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की । पूर्व विद्यार्थी डॉ सुभाष शर्मा ने 21000/- रुपये, डॉ देश बन्धु एवं डॉ विनय मल्होत्रा ने 10000/- रूपऐ एसोसिएशन तथा 10000/- छात्रवृत्ति के लिए दिए । मधुसूदन टण्डन ने 10000/- रूपऐ कालेज को दान दिये ।
सभी अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नए सदस्यों का स्वागत किया गया तथा वर्ष 2025-26 की वित्तीय रिपोर्ट डॉ देश बन्धु द्वारा प्रस्तुत की गई।
एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. देश बंधु, उपाध्यक्ष डॉ. विनय मल्होत्रा, महासचिव डॉ. विजय शर्मा तथा सचिव डॉ. आरती अरोड़ा ने आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन पदाधिकारियों के सहयोग एवं प्रयासों से कार्यक्रम का आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। डॉ. सोनिका सेठी, सुश्री अमनदीप कौर, डॉ. रेनु शर्मा, डॉ. हीना और डॉ. यशना बावा ने भी आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
