अतिरिक्त उपायुक्त विराट का लघु सचिवालय नारायणगढ़ में औचक निरीक्षण, समयपालन व जनसेवा को लेकर दिए सख्त निर्देश


अंबाला/नारायणगढ़, 10 अप्रैल।  प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त विराट ने आज प्रात: लगभग 9.15 बजे लघु सचिवालय नारायणगढ़ में स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर के निर्देशानुसार किए गए इस औचक निरीक्षण के दौरान एडीसी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करते हुए कार्यालयों में लोगों के कार्यों का विस्तृत रूप से जायजा लिया।
इस अवसर पर उनके साथ अंडर ट्रेनिंग आईएएस (एसीयूटी) राहुल कनवरिया भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने लघु सचिवालय परिसर में कार्यरत विभिन्न विभागों के कार्यालयों का क्रमवार निरीक्षण किया और कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर की जांच की। उन्होंने विशेष रूप से एसडीएम कार्यालय में संचालित ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन पंजीकरण शाखा तथा अंत्योदय सरल केंद्र का दौरा कर वहां नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और जनता को दी जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय सुबह 9:00 बजे कार्यालय में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों का मुख्य उद्देश्य आमजन को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करे, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और लोगों को योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया एवं लाभ के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कार्यालय समय के दौरान अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य से कार्यालय से बाहर जाता है तो वह भ्रमण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अपनी एंट्री दर्ज करे, ताकि कार्य की पारदर्शिता बनी रहे और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी कड़ी में भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में कार्य संस्कृति को और बेहतर बनाएं तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *